Protests in Lucknow against comments on Hindu deities! Supporters of the Vishwa Hindu Raksha Parishad held a protest march.

Lucknow Protest: लखनऊ में आज 9 दिसंबर 2025 यानी मंगलवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के समर्थकों ने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित तौर पर की गई जाति-आधारित टिप्पणी के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। यह विरोध मार्च केडी सिंह बाबू स्टेडियम से शुरू हुआ और हजरतगंज स्थित GPO पर गांधी प्रतिमा तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

तिरंगे को लेकर आरोप

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में बैनर और तिरंगे लेकर आरोप लगाया कि जानबूझकर हिंदू आस्था पर चोट पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, देवी-देवता या समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली टिप्पणियों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि अगर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मामला सिर्फ हिंदू धर्म से जुड़े भावनाओं का नहीं, बल्कि समाज में सौहार्द बनाए रखने का है।

पुलिस बल तैनात

मार्च के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या हिंसा की स्थिति न पैदा हो। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अंतर्गत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बता दे, इस विरोध के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज कर दी हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक आस्था का अपमान किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं होगा।

Scroll to Top